JPSC-JSSC विवाद पर बाबूलाल मरांडी का हमला, CID जांच पर उठाए सवाल, CBI जांच की मांग
हजारीबाग:- झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी विवाद के बीच गुरुवार को हजारीबाग सर्किट हाउस में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और मामले की केवल औपचारिक जांच कराई जा रही है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि रांची में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के आंदोलन का भारतीय जनता पार्टी पूरा समर्थन करती है। उन्होंने दावा किया कि अभय तिवारी की गिरफ्तारी और उससे जुड़े तथ्यों से यह स्पष्ट होता है कि हाल की भर्ती परीक्षाओं में गंभीर गड़बड़ियां हुई हैं। उनके अनुसार, विभिन्न शहरों और नेपाल तक अभ्यर्थियों को ले जाकर प्रश्नपत्र याद कराने जैसी बातें सामने आई हैं, जिससे परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि CID जांच केवल खानापूर्ति है और निष्पक्ष जांच के लिए पूरे मामले की CBI जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने JPSC और JSSC से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों एवं सदस्यों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
प्रेस वार्ता में मरांडी ने कहा कि मेहनत के बल पर परीक्षा देने वाले हजारों छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और उनकी पार्टी छात्रों के न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













