चौपारण में बड़ी कार्रवाई, हथियार और जिंदा कारतूस के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार
माँ गंगोत्री होटल में छापेमारी के दौरान देशी रिवाल्वर, तीन जिंदा कारतूस, कार, बुलेट और मोबाइल बरामद; पुलिस कर रही गहन पूछताछ
चौपारण,हजारीबाग:हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे तीन संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी रिवाल्वर, 7.65 एमएम के तीन जिंदा कारतूस, एक सफेद रंग की डिजायर कार, एक बुलेट मोटरसाइकिल तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को सूचना मिली थी कि सियरकोनी स्थित माँ गंगोत्री होटल में कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ मौजूद हैं और किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने होटल में छापेमारी कर तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, कारतूस, वाहन और मोबाइल फोन बरामद हुए। इस संबंध में चौपारण थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय यादव (21 वर्ष), प्रिंस कुमार (19 वर्ष) और करण राज (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बिहार के गया जिले के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रिंस कुमार और अक्षय यादव के खिलाफ गया जिले के विभिन्न थानों में पहले से हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों के कई केस दर्ज हैं।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क, हथियार के स्रोत तथा संभावित आपराधिक मंशा की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चौपारण पुलिस द्वारा अपराध एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
बरामद सामान:
- एक देशी रिवाल्वर
- 7.65 एमएम के 3 जिंदा कारतूस
- 3 मोबाइल फोन
- सफेद रंग की डिजायर कार (BR01DG6000)
- बुलेट मोटरसाइकिल (JH02BJ4723)
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













