चतरा में अपहरणकांड का खुलासा, बिहार से सकुशल बरामद हुआ युवक; दो आरोपी गिरफ्तार
चतरा:-सदर थाना क्षेत्र से युवक के अपहरण के मामले में चतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत तिलक यादव को बिहार के धनगाई थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को तिलक यादव के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश की। इसके बाद तिलक के भाई सुरेंद्र यादव, निवासी नगवां, थाना सदर, चतरा ने 16 सितंबर को सदर थाना में लिखित आवेदन दिया। आवेदन के आधार पर सदर थाना कांड संख्या 390/26, दिनांक 16 सितंबर 2026, धारा 140(1), 140(2), 140(3), 308 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चतरा के निर्देश पर एसडीपीओ चतरा सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की सहायता से मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर बिहार के धनगाई थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने वहां से तिलक यादव को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही घटना में कथित रूप से शामिल कैलाश दांगी (47 वर्ष), निवासी महुदा, थाना इटखोरी, चतरा और मनोज कुमार (23 वर्ष), निवासी पतलुका, थाना धनगाई, गया, बिहार को गिरफ्तार किया गया।
मोटरसाइकिल और दो मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बताई जा रही पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH13K-8511 बरामद की है। इसके अलावा एक काले रंग का रेडमी मोबाइल फोन और एक काले रंग का सैमसंग कीपैड मोबाइल भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है।
कैलाश दांगी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कैलाश दांगी के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज रहे हैं। इनमें इटखोरी थाना कांड संख्या 71/13, चौपारण थाना कांड संख्या 18/05, शेरघाटी थाना कांड संख्या 65/03 तथा सदर थाना कांड संख्या 186/06 शामिल हैं। वहीं गिरफ्तार मनोज कुमार के संबंध में पुलिस ने बताया कि वह पूर्व में गया, बिहार में अवैध शराब तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है।छापामारी दल में एसडीपीओ चतरा सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस निरीक्षक हंटरगंज अंचल विपिन कुमार, सदर थाना के पुलिस पदाधिकारी, इटखोरी और मयूरहंड थाना प्रभारी सहित तकनीकी शाखा एवं थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया है। अब पुलिस घटना के पीछे के कारणों और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













