हाथियों के झुंड का कहर, कई घर किए ध्वस्त — वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

विष्णुगढ़:-विष्णुगढ़ प्रखंड के भेलवारा पंचायत अंतर्गत महुआटांड़ गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने दो दिनों से जमकर आतंक मचाया हुआ है। बीती रात हाथियों ने गांव के कई कच्चे मकानों को तहस-नहस कर दिया और घर में रखे अनाज को भी खा गए। घटना से गांव के लोग डरे और सहमे हुए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथियों के इस झुंड ने भुनेश्वर गंझु, प्रकाश गंझु और नरेश गंझु के घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
मकानों में रखा चावल, गेहूं एवं अन्य खाद्य सामग्री को भी हाथी खा गए। इससे पीड़ित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है और वे इस समय भारी कठिनाई का सामना कर रहे हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को हाथियों की आमद की जानकारी पहले ही दे दी गई थी। बुधवार शाम 4 बजे हाथियों की आहट मिलने पर विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन वन विभाग की टीम रात 8 बजे घटनास्थल पर पहुंची — तब तक हाथियों ने कई घरों को नुकसान पहुंचा दिया था।
ग्रामीणों ने वन विभाग की इस देरी और निष्क्रियता पर नाराजगी जताई है। उन्होंने मांग की है कि हाथियों को सुरक्षित जंगलों की ओर भेजा जाए और जिन परिवारों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें अविलंब मुआवजा दिया जाए।ग्रामीणों ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर वन विभाग समय रहते कदम नहीं उठाता है तो वे प्रशासनिक कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होंगे।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











