NEET में सफलता पर संजीत कुमार का सम्मान, पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने घर पहुंचकर दी बधाई
नगवां पहुंचकर अंगवस्त्र से किया सम्मान, कहा— संजीत की सफलता पूरे हजारीबाग के युवाओं के लिए प्रेरणा
हजारीबाग:राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले हजारीबाग सदर प्रखंड के नगवां निवासी संजीत कुमार को बधाई देने के लिए पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह उनके आवास पहुंचे। उन्होंने संजीत कुमार और उनके परिजनों से मुलाकात कर अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संजीत कुमार, स्वर्गीय मंटू प्रसाद मेहता के पुत्र हैं। उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुन्ना सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संजीत ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे हजारीबाग जिले का नाम रोशन किया है।
मुन्ना सिंह ने कहा कि संजीत कुमार की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि संजीत भविष्य में चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
उन्होंने संजीत कुमार के उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर संजीत कुमार के परिवार के सदस्य एवं क्षेत्र के कई स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













