JPSC कार्यालय का घेराव: 14वीं सिविल सेवा परीक्षा रद्द करने की मांग, बैरिकेडिंग तोड़ी, भारी हंगामा
अभ्यर्थियों का प्रदर्शन तेज, कटऑफ सार्वजनिक करने और निष्पक्ष जांच की मांग; भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी किया प्रदर्शन
रांची:-झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम को रद्द करने की मांग को लेकर बुधवार को राजधानी रांची में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने JPSC कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आयोग के बाहर लगी सुरक्षा बैरिकेडिंग तोड़ दी और मुख्य गेट तक पहुंच गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने गेट पर एक पोस्टर चिपकाया, जिस पर लिखा था— “JPSC का क्या RATE है?”
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने, कटऑफ अंक सार्वजनिक करने तथा पूरे परिणाम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग कर रहे थे। उनका आरोप है कि 14वीं सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं और पूरे चयन प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
इसी दौरान बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी बैरिकेडिंग तोड़कर JPSC कार्यालय की ओर बढ़ने का प्रयास किया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात किए गए हैं। संभावित तनाव को देखते हुए आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन की भी व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
इस बीच हाल ही में JPSC अध्यक्ष एलबी ख्यांग्ते के इस्तीफे के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है, जबकि अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि चयन प्रक्रिया पारदर्शी नहीं होगी तो राज्य के युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा।
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि कई उम्मीदवार कटऑफ से अधिक अंक प्राप्त करने का दावा कर रहे हैं, लेकिन चयन प्रक्रिया और कटऑफ सार्वजनिक नहीं किए जाने से भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उनका कहना है कि इस कारण कई अभ्यर्थी मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि यदि झारखंड के प्रशासनिक पदों पर दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों का चयन होता है, तो राज्य के युवाओं के अवसर प्रभावित होंगे।
फिलहाल JPSC कार्यालय के बाहर प्रदर्शन जारी है और पुलिस-प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












