JPSC-JSSC विवाद के बीच CM हेमंत सोरेन की नई पहल, छात्रों से सीधे मांगे परीक्षा व्यवस्था में सुधार के सुझाव
Ranchi: झारखंड में JPSC और JSSC की परीक्षाओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं से सीधे संवाद की पहल की है। मुख्यमंत्री ने ‘छात्रों की बात-छात्रों के साथ’ अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इस पहल के जरिए राज्य के छात्र परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी अपनी समस्याएं, अनुभव और सुधार से संबंधित सुझाव सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं केवल अभ्यर्थियों के भविष्य से नहीं जुड़ी होतीं, बल्कि उनके परिवारों की उम्मीदें भी इससे जुड़ी रहती हैं। ऐसे में परीक्षा प्रणाली का पारदर्शी, निष्पक्ष, विश्वसनीय और समयबद्ध होना बेहद जरूरी है।
छात्रों की भागीदारी से बनेगी बेहतर परीक्षा व्यवस्था
हेमंत सोरेन ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार केवल सरकारी स्तर पर संभव नहीं है। इसमें उन युवाओं की भागीदारी भी जरूरी है, जो स्वयं इन परीक्षाओं में शामिल होते हैं और पूरी प्रक्रिया को करीब से देखते हैं। इसी उद्देश्य से ‘छात्रों की बात-छात्रों के साथ’ अभियान की शुरुआत की गई है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे परीक्षा प्रक्रिया में सामने आने वाली कमियों की जानकारी सरकार को दें। इसके साथ ही परीक्षा के दौरान उन्हें जिन समस्याओं का सामना करना पड़ा है, उनके अनुभव और व्यवस्था को बेहतर बनाने के व्यावहारिक सुझाव भी साझा करें।
सुझावों की विशेषज्ञों से होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री के अनुसार छात्रों की ओर से प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा। सभी सुझावों का अध्ययन करने के बाद विशेषज्ञों की मदद से उनकी व्यवहारिकता और नियमों के अनुरूप होने की जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जो सुझाव कानून, नियम और संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप पाए जाएंगे, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत तय समय सीमा में लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
रोजगार और स्थानीय युवाओं के अवसर पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार और अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि ‘झारखंडी फर्स्ट’ की भावना के साथ स्थानीय युवाओं के हितों की रक्षा और उनके लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर सरकार का फोकस है।
उन्होंने कहा कि राज्य के 25 वर्ष पूरे होने के बाद झारखंड विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। इस बदलाव में प्रदेश के युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और अपने सुझाव सरकार तक पहुंचाने की अपील की।
पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं सुझाव
छात्र और युवा अपने सुझाव samvad.jharkhand.gov.in पोर्टल के माध्यम से सरकार तक पहुंचा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्य ऐसी परीक्षा व्यवस्था तैयार करना है, जिस पर राज्य का प्रत्येक अभ्यर्थी भरोसा कर सके।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे














1 thought on “JPSC-JSSC विवाद के बीच CM हेमंत सोरेन की नई पहल, छात्रों से सीधे मांगे परीक्षा व्यवस्था में सुधार के सुझाव”
Sab nokari ko bechho. YHI tumhara kam h