24 घंटे में लैपटॉप-मोबाइल चोरी का खुलासा, पांच मामलों के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कटकमदाग पुलिस ने चोरी का लैपटॉप व दो मोबाइल बरामद किए, गिरफ्तार आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
हजारीबाग। कटकमदाग थाना क्षेत्र के करतूरीखाप गदोखर गांव में घर से लैपटॉप और दो मोबाइल चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर लिया। पुलिस ने चोरी के सामान के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अली राजा उर्फ बबलू (22 वर्ष), पिता स्व. सरफराज अंसारी, स्थायी निवासी चिस्तिया मोहल्ला, बड़ा बाजार ओपी, हजारीबाग तथा वर्तमान निवासी कूद, थाना कटकमदाग के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, करतूरीखाप गदोखर निवासी गौरीशंकर प्रसाद दांगी, पिता डोगन दांगी ने 23 सितंबर को कटकमदाग थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर से पढ़ाई के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला लैपटॉप और दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर कटकमदाग थाना कांड संख्या 179/26, दिनांक 23 सितंबर 2026, धारा 331(1), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को दी गई। एसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ज्ञान रंजन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और लगातार कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी अली राजा उर्फ बबलू को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी किए गए सामान को बरामद कर लिया। बरामद सामान में एचपी कंपनी का एक लैपटॉप, इनफिनिक्स कंपनी का एक स्मार्टफोन और ओप्पो कंपनी का एक स्मार्टफोन शामिल है।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ हजारीबाग सदर थाना में वर्ष 2022 और 2023 में चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2024 में भी सदर थाना में मामला दर्ज हुआ था। लोहसिंघना थाना में वर्ष 2025 में बीएनएस की धारा 305(ए)/331(4) के तहत भी मामला दर्ज है।
पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और चोरी की अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
छापामारी टीम में ये रहे शामिल
पूरे मामले के उद्भेदन में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय ज्ञान रंजन, पेलावल अंचल के पुलिस निरीक्षक सपन कुमार महथा, कटकमदाग थाना प्रभारी पु०अ०नि० रारोज सिंह चौधरी, पु०अ०नि० चितरंजन कुमार, सअनि संतोष कुमार महतो, तकनीकी शाखा के कर्मी तथा थाना रिजर्व गार्ड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटना के बाद पुलिस की सक्रियता सामने आई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और उसके संभावित सहयोगियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












