पत्थलगड्डा में चोरों का आतंक! शिक्षक और झामुमो प्रखंड अध्यक्ष के घर लाखों की चोरी, नकदी-गहने समेत जरूरी दस्तावेज ले उड़े चोर
छठ मनाने गया था शिक्षक का परिवार, सूने घर का ताला तोड़कर करीब दो लाख के जेवर और 60 हजार नकद पर किया हाथ साफ; एक ही रात दो घरों में चोरी से ग्रामीणों में दहशत
पत्थलगड्डा (चतरा)। चतरा जिले के पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार चिंता का विषय बनता जा रहा है। सोमवार की रात बेखौफ चोरों ने दो अलग-अलग गांवों में बंद घरों को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक शिक्षक और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रखंड अध्यक्ष के घर का ताला तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, अन्य सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। एक ही रात दो घरों में चोरी की घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
छठ मनाने गया था परिवार, पीछे से चोरों ने खंगाल डाला घर
पहली घटना पत्थलगड्डा गांव की है, जहां शिक्षक दशरथ दांगी के बंद घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। शिक्षक के अनुसार, छठ पूजा मनाने के लिए परिवार के सभी सदस्य हजारीबाग स्थित अपने रिश्तेदार के घर गए हुए थे। घर खाली होने की जानकारी का फायदा उठाकर चोरों ने सोमवार की रात मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।
इसके बाद चोरों ने कमरों में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए तथा पूरे घर को खंगाल डाला। चोर घर में रखे करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
मंगलवार की सुबह जब परिवार के सदस्य वापस लौटे, तो घर का मुख्य दरवाजा खुला और ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्सों को टूटा देखकर परिवार के सदस्यों को चोरी की जानकारी हुई। घटना के बाद परिवार के लोग सकते में हैं।
झामुमो प्रखंड अध्यक्ष के घर से सामान और दस्तावेज चोरी
चोरी की दूसरी घटना बंदरचुआं गांव में सामने आई, जहां चोरों ने झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुधीर कुमार के घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर कई सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद सुधीर कुमार ने पत्थलगड्डा थाना में आवेदन देकर पुलिस से मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एक रात में दो चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
थाना क्षेत्र में एक ही रात दो घरों में चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा है कि आखिर चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि वे लगातार बंद घरों को निशाना बना रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती तेज करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
पुलिस का छापेमारी अभियान जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मामलों की छानबीन शुरू की। पत्थलगड्डा थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
अब देखना होगा कि पत्थलगड्डा पुलिस कब तक चोरी की इन घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करती है और चोरी गए सामानों की बरामदगी सुनिश्चित कर पाती है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












