अवैध कोयला भंडारण के खिलाफ CISF की बड़ी कार्रवाई, 280.76 मीट्रिक टन कोयला जब्त
हजारीबाग। अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की एनटीपीसी-सीएमपी हजारीबाग इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। 18 सितंबर की शाम से 19 सितंबर की सुबह तक चले विशेष अभियान में सेहंदा के सुदूर वन क्षेत्र और मोईत्रा घाटी से कुल 280.76 मीट्रिक टन अवैध रूप से भंडारित कोयला जब्त किया गया।
CISF के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ कमांडेंट विवेक शर्मा के निर्देशन और सहायक कमांडेंट संजीव कुमार मीणा की मौजूदगी में की गई। अभियान के लिए इकाई के करीब 100 बल सदस्यों को विभिन्न टीमों में विभाजित किया गया था।
रातभर चला अभियान
विशेष अभियान 18 सितंबर को करीब शाम 6 बजे शुरू हुआ और 19 सितंबर को सुबह करीब 5 बजे तक जारी रहा। CISF की टीमों ने लगभग 50 किलोमीटर दूर ग्राम सेहंदा के वन क्षेत्र और करीब 20 किलोमीटर दूर मोईत्रा घाटी में एक साथ कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान दोनों स्थानों से जब्त कोयले को कुल 10 हाईवा वाहनों के माध्यम से एनटीपीसी कांटा घर पहुंचाया गया। वहां वजन कराने के बाद जब्त कोयले की कुल मात्रा 280.76 मीट्रिक टन बताई गई।
कार्रवाई के दौरान भीड़ ने किया विरोध
CISF के मुताबिक सेहंदा में जब्त कोयले को ले जाने के लिए हाईवा वाहन पहुंचने के दौरान कुछ लोगों ने ग्रामीणों की भीड़ जुटाकर कार्रवाई में बाधा डालने और परिवहन रोकने का प्रयास किया। इसी तरह मोईत्रा घाटी में भी मार्ग अवरुद्ध करने की कोशिश की गई।
बल के अनुसार स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को समझाया गया और मार्ग खाली कराया गया। इसके बाद जब्त कोयले को वाहनों के माध्यम से एनटीपीसी कांटा घर तक पहुंचाया गया।
CISF ने कहा है कि अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई का उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को रोकना है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













