चौपारण में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 6 चोरी की बाइक और 285 लीटर महुआ शराब जब्त
शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर नदी की ओर भागे, पांच नामजद तस्करों समेत छह बाइक मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी
हजारीबाग। चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम अम्बातरी में छापेमारी कर करीब 285 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ छह मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस जांच में जब्त सभी छह मोटरसाइकिलों के चोरी की होने की बात सामने आई है। कार्रवाई के दौरान शराब तस्कर मौके से मोटरसाइकिल छोड़कर नदी की ओर भाग निकले।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को हजारीबाग पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपारण थाना क्षेत्र के अम्बातरी गांव में चोरी की मोटरसाइकिलों के जरिए अवैध महुआ शराब की ढुलाई की जा रही है। सूचना के अनुसार शराब को बिहार भेजे जाने की तैयारी थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अम्बातरी गांव स्थित नदी क्षेत्र और उसके आसपास तलाशी अभियान चलाया। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद शराब तस्करों में अफरातफरी मच गई और वे मोटरसाइकिलें छोड़कर नदी की ओर भाग निकले। पुलिस ने मौके से छह मोटरसाइकिलों को जब्त किया। इन वाहनों पर लदी करीब 285 लीटर अवैध महुआ शराब भी बरामद की गई।
जांच में सभी बाइक चोरी की निकलीं
जब्त वाहनों के इंजन, चेचिस और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बरामद सभी छह मोटरसाइकिलें चोरी की हैं। इनमें दो स्प्लेंडर, दो होंडा साइन, एक ग्लैमर और एक टीवीएस मोटरसाइकिल शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद शराब तस्करों और छह मोटरसाइकिल मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
ये वाहन हुए जब्त
पुलिस के अनुसार जब्त वाहनों में ग्लैमर मोटरसाइकिल BR02AP-7939, स्प्लेंडर BR01HL-9692, होंडा साइन BR02BF-8914, स्प्लेंडर BR02BC-6097, होंडा साइन JH10BG-9168 और टीवीएस मोटरसाइकिल BR01EH-8248 शामिल हैं। इसके अलावा कुल 285 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई है।
पुलिस ने मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी की मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल शराब तस्करी में कब से किया जा रहा था और इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
छापेमारी दल में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सुबिन्द्र राम, सहायक अवर निरीक्षक बादल कुमार महतो समेत चौपारण थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












