अपराध नियंत्रण व त्वरित कार्रवाई के लिए बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह सम्मानित
राहुल दुबे व प्रिंस खान गिरोह से जुड़ी गतिविधियों पर कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रियता की सराहना
बड़कागांव। अपराध नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के लिए बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तरी छोटानागपुर परिक्षेत्र, हजारीबाग के डीआईजी अंजनी कुमार झा के सौजन्य तथा हजारीबाग एसपी अमन कुमार के नेतृत्व में प्रदान किया गया।
पुलिस विभाग की ओर से थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह द्वारा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण, अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। विशेष रूप से राहुल दुबे एवं प्रिंस खान गिरोह से संबंधित आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पुलिस कार्रवाई में तत्परता को लेकर उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
सम्मान मिलने के बाद थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने कहा कि अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
थाना प्रभारी को मिले इस सम्मान से बड़कागांव थाना के पुलिसकर्मियों में भी उत्साह का माहौल है। पुलिसकर्मियों ने इसे टीम की मेहनत और बेहतर पुलिसिंग के प्रति विभागीय प्रोत्साहन बताया।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













