बड़कागांव में अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त, अज्ञात मालिक व चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस को देख चालक जंगल की ओर फरार, खनन एवं पर्यावरण कानूनों के तहत दर्ज हुआ केस
बड़कागांव,हजारीबाग:-हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया है। यह कार्रवाई हजारीबाग मार्ग स्थित लिखलाही घाटी टीपी-5 के समीप की गई।थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि जब्त ट्रैक्टर के संबंध में बड़कागांव थाना कांड संख्या 135/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), झारखंड माइनर मिनरल कंसेशन (JMMC) नियम, झारखंड खनिज खनन एवं परिवहन से संबंधित प्रावधानों तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत अज्ञात ट्रैक्टर मालिक और चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान चालक पुलिस को देखकर ट्रैक्टर छोड़कर जंगल का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।इस अभियान में जमादार बसंत भगत सहित बड़कागांव थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने कहा कि अवैध बालू खनन और बिना वैध चालान के खनिज परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












