धनबाद में अवैध लॉटरी गिरोह का भंडाफोड़, मिनी प्रिंटिंग प्रेस पर छापा; एक करोड़ के टिकट जब्त
जर्जर BCCL आवास से चल रहा था अवैध कारोबार, प्रिंटिंग मशीनें और उपकरण बरामद; एक व्यक्ति हिरासत में
धनबाद:धनबाद पुलिस ने निरसा अनुमंडल क्षेत्र में अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी प्रिंटिंग प्रेस का भंडाफोड़ किया है। चिरकुंडा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जर्जर बीसीसीएल (BCCL) आवास में छापेमारी कर भारी मात्रा में छपे हुए कथित अवैध लॉटरी टिकट, प्रिंटिंग मशीनें और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। जब्त टिकटों की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, बंद पड़े बीसीसीएल आवास का इस्तेमाल सुनियोजित तरीके से अवैध लॉटरी टिकटों की छपाई, कटिंग और पैकिंग के लिए किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी संख्या में तैयार टिकट, मिनी प्रिंटिंग प्रेस, प्रिंटिंग मशीनें और अन्य सामग्री जब्त की गई। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसडीपीओ लिलेश्वर महतो ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग हैं, इसकी फंडिंग कैसे होती थी और तैयार किए गए टिकट किन-किन क्षेत्रों में सप्लाई किए जाते थे। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बरामद टिकटों की वास्तविक संख्या, प्रिंटिंग मशीनों की कुल संख्या और पूरे नेटवर्क की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि निरसा थाना क्षेत्र लंबे समय से कथित अवैध लॉटरी टिकटों की छपाई और सप्लाई का केंद्र माना जाता रहा है। यहां से तैयार टिकट धनबाद के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के अन्य जिलों में भी भेजे जाने की आशंका है।
इसे भी पढ़े :-Chatra :चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












