चतरा में 2742 एकड़ अवैध अफीम की फसल नष्ट, जनवरी से जुलाई तक 109 तस्कर गिरफ्तार
चतरा:मादक पदार्थों के खिलाफ चतरा पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के अनुसार फसल वर्ष 2025-26 में जिले में करीब 2742.27 एकड़ भूमि पर लगी अवैध अफीम की फसल को नष्ट किया गया है। अवैध खेती के मामले में 21 कांड दर्ज कर 25 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
एसपी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों पर अंकुश लगाने के साथ ग्रामीणों को जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है। अफीम की खेती वाले 125 गांवों और 26 पंचायतों को चिन्हित कर जिला प्रशासन, वन, कृषि एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
1800 लोगों और 870 से अधिक विद्यार्थियों-शिक्षकों को किया जागरूक
10 जून से 25 जून 2026 तक विद्यालयों और चौक-चौराहों पर अभियान चलाकर करीब 1800 लोगों तथा 870 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
7 महीने में 71 केस, 109 गिरफ्तार
एसपी के मुताबिक जनवरी से जुलाई 2026 तक जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 71 कांड दर्ज किए गए और 109 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं PIT-NDPS के तहत तीन प्रस्ताव समर्पित किए गए, जिनमें एक प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। इनमें 162.17 किलोग्राम अफीम, 703.099 ग्राम ब्राउन शुगर, 128.228 किलोग्राम गांजा, 3561 किलोग्राम डोडा, 335.900 किलोग्राम डोडा भूसी और 236.7 किलोग्राम पोस्ता दाना शामिल है। इसके अलावा 3,28,650 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि चतरा पुलिस का लक्ष्य नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध खेती से जुड़ी कोई भी जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












