जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने महिला झुलसी, बेटा और एएसआई भी घायल
पेट्रोल से आग लगने की घटना के बाद मची अफरा-तफरी, गंभीर हालत में रिम्स रेफर
चतरा:चतरा शहर के केशरी चौक स्थित गौरक्षणी के सामने बुधवार को जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासनिक टीम के समक्ष अचानक अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई का विरोध कर रही एक महिला के आग की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई। महिला को बचाने के प्रयास में उसका पुत्र धीरज कुमार और पुलिस के एएसआई प्रवीण कुमार भी झुलस गए।
घटना के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल झुलसे लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। महिला की पहचान रीना देवी, पति स्व. नरेश प्रसाद कसेरा के रूप में हुई है। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स के बर्न वार्ड रेफर कर दिया गया। वहीं, धीरज कुमार और एएसआई प्रवीण कुमार का भी उपचार कराया गया।
सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अन्ना अंजुम ने बताया कि महिला गंभीर रूप से झुलसी थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर किया गया। वहीं, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने बताया कि महिला के शरीर का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा झुलसने की बात सामने आई है। बेहतर इलाज के लिए उसे रांची भेजा गया है।
जमीन खाली कराने की कार्रवाई का परिजनों ने किया विरोध
घटना के बाद महिला के परिजनों ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए। परिजनों का कहना है कि उनका परिवार करीब 100 वर्षों से उक्त स्थान पर रह रहा है। इसके बावजूद अचानक घर खाली कराने के लिए प्रशासनिक टीम पहुंच गई।
परिजनों ने मारवाड़ी मोहल्ला निवासी प्रदीप स्वामी पर भी जमीन से संबंधित दस्तावेजों में गड़बड़ी कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
एएसआई ने बताया, पेट्रोल लेकर पहुंचा था युवक
घटना के दौरान महिला को बचाने वाले एएसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि वह सीओ एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ जमीन पर दखल-दहानी की कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। इस दौरान वहां पहले से रह रहे लोगों सहित अन्य लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
एएसआई के अनुसार, इसी दौरान करण कुमार नामक एक युवक डब्बे में पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर पेट्रोल छिड़कने लगा। इसी दौरान आग लगने की स्थिति उत्पन्न हुई, जिसमें महिला इसकी चपेट में आ गई। उसे बचाने के प्रयास में एएसआई और महिला का पुत्र भी झुलस गए। पुलिस के अनुसार, तत्काल बचाव एवं उपचार की कार्रवाई की गई।
घटनास्थल से अस्पताल तक जुटी लोगों की भीड़
घटना की सूचना मिलते ही केशरी चौक और आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मौके पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन, थाना प्रभारी अनिल उरांव समेत कई पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
घटना के बाद सदर अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जमीन पर कब्जे से संबंधित विवाद, आग लगने की परिस्थितियों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













