चतरा में पुलिस पर बड़ी कार्रवाई: युवक की मौत मामले में 2 SI समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड
टंडवा के बड़गांव में इमरोज की मौत मामले में एसपी अनिमेष नैथानी का एक्शन, ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में विभागीय कार्रवाई शुरू
चतरा। टंडवा प्रखंड के बड़गांव में युवक इमरोज की मौत के मामले में चतरा पुलिस ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। एसपी अनिमेष नैथानी ने दो पुलिस अवर निरीक्षक (SI) और दो जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। चारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में पुलिस अवर निरीक्षक सुनील सिंह, महिला पुलिस अवर निरीक्षक दुलारी पूर्ति, जवान दशरथ महतो और प्रदीप कुमार शामिल हैं। यह कार्रवाई टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार द्वारा सौंपे गए जांच प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।
प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। जांच के अनुसार, मृतक इमरोज और उसके पिता सुल्तान मियां को भीड़ से बचाने के लिए पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की ओर से प्रभावी प्रयास नहीं किया गया।
भीड़ के सामने पुलिस की मौजूदगी में हुई घटना
बताया गया कि 4 अगस्त को दुष्कर्म के आरोप को लेकर ग्रामीणों ने इमरोज के घर को घेर लिया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद स्थिति को नियंत्रित नहीं किया जा सका। भीड़ ने पहले इमरोज के माता-पिता को रस्सी से बांधकर मारपीट की और बाद में इमरोज के साथ भी मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।निलंबन अवधि के दौरान चारों पुलिसकर्मी पुलिस लाइन, चतरा में रहेंगे।
अल्पसंख्यक आयोग ने भी लिया संज्ञान
मामले में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने गुरुवार को बड़गांव पहुंचकर घटना की जांच की थी। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में युवक की मौत की घटना को गंभीर और शर्मनाक बताते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था।
एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












