ब्लास्टिंग से घरों में कंपन और नुकसान, पाण्डु मुखिया ने डीसी से कार्रवाई की मांग
केरेडारी:- एनटीपीसी केरेडारी कोयला खनन परियोजना में हो रही ब्लास्टिंग से ग्रामीणों के घरों को नुकसान पहुंचने और सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पाण्डु पंचायत की मुखिया सकीबा खातून ने हजारीबाग उपायुक्त को आवेदन सौंपा है। मुखिया ने मामले में प्रशासन से स्थल निरीक्षण कराकर प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि खनन परियोजना क्षेत्र में होने वाली ब्लास्टिंग के दौरान आसपास के गांवों में तेज कंपन महसूस होता है। इससे कई घरों की दीवारों और छतों के प्लास्टर समेत अन्य सामग्री गिरने की शिकायत सामने आ रही है। ब्लास्टिंग के दौरान होने वाले कंपन को लेकर ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की स्थिति बनी हुई है।
मुखिया ने उपायुक्त से मांग की है कि प्रभावित घरों का स्थल निरीक्षण और विधिवत सर्वे कराया जाए, ताकि ब्लास्टिंग से हुए नुकसान का आकलन किया जा सके। उन्होंने प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा या क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की है।
इसके अलावा आवेदन में विस्थापन से संबंधित मामलों की समीक्षा करने तथा ब्लास्टिंग के दौरान ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया है। मुखिया ने प्रशासन से मामले में उचित जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षा के साथ-साथ उनके नुकसान का उचित समाधान मिल सके।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













