मुर्गा फार्म में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; पानी भरे गड्ढे से बाइक के पार्ट्स बरामद
चतरा। हंटरगंज थाना क्षेत्र के बिंदयाही गांव के सागासोत टोला स्थित मुर्गा फार्म में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल के खुले हुए पार्ट्स और इंजन तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को सहेन्द्र यादव के मुर्गा फार्म में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोरों ने फार्म से एक मोटरसाइकिल, इन्वर्टर-बैटरी, कांटा मशीन, तीन मोबाइल फोन और मुर्गे चोरी कर लिए थे। घटना के संबंध में सहेन्द्र यादव के लिखित आवेदन पर हंटरगंज थाना कांड संख्या 49/26, दिनांक 11 अप्रैल 2026, के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305 एवं 3(5) में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद दीपक कुमार (लगभग 22 वर्ष), पिता बसंत भारती और नागेन्द्र कुमार भुइयां (लगभग 20 वर्ष), पिता सुदय भुइयां, दोनों निवासी जाबादोहर, थाना हंटरगंज, को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर ग्राम दुन्दु स्थित बंद माइंस के पानी भरे गड्ढे से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या JH13K-6088 के खुले हुए पार्ट्स और इंजन बरामद किए गए। इसके अलावा चोरी किया गया VIVO कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
तीन मोबाइल फोन भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी दीपक कुमार के पास से NARZO कंपनी का मोबाइल और नागेन्द्र कुमार के पास से REDMI कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी की जा रही है।
तकनीकी साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई
पूरे मामले में तकनीकी साक्ष्यों ने पुलिस जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई हंटरगंज अंचल के पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार और थाना प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में की गई।
छापामारी दल में हंटरगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी टीम एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि कांड के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की अन्य संपत्तियों की बरामदगी के लिए अनुसंधान एवं छापामारी जारी है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













