कटकमसांडी लूटकांड का चौथा और अंतिम आरोपी गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक व मोबाइल बरामद
चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर की कार्रवाई
कटकमसांडी,हजारीबाग:- कटकमसांडी थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल एवं मोबाइल लूटकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए चौथे एवं अंतिम फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में शामिल सभी चारों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को कटकमसांडी थाना में दर्ज कांड संख्या 107/26 में वादी से अज्ञात अपराधियों द्वारा मोटरसाइकिल और मोबाइल लूट लिए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) एवं पुलिस निरीक्षक, पेलावल अंचल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
लगातार तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं फरार चल रहे लक्ष्मण सिंह उर्फ लच्छू सिंह (पिता स्व. कामेश्वर सिंह), निवासी पाराटांड, थाना कटकमसांडी को 9 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें कटकमसांडी थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं भारतीय वन अधिनियम के तहत दर्ज मामला तथा चतरा जिले के शिला ओपी में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज एक मामला शामिल है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश, सहायक पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र मेहता, कटकमसांडी थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
हजारीबाग पुलिस ने आम नागरिकों से अपराध एवं अपराधियों से संबंधित सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


