हजारीबाग एसपी अमन कुमार का बड़कागांव अनुमंडल दौरा, थानों का निरीक्षण कर लंबित मामलों के जल्द निष्पादन के दिए निर्देश
हज़ारीबाग:हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने आज बड़कागांव अनुमंडल का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अनुमंडल के सभी थानों का निरीक्षण कर वहां की विधि-व्यवस्था, लंबित मामलों की स्थिति और पुलिस कार्यशैली का गहन समीक्षा की।निरीक्षण के क्रम में एसपी ने थाना प्रभारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि आम जनता को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।दौरे के बाद एसपी अमन कुमार ने बड़कागांव अनुमंडल कार्यालय में एसडीपीओ एवं सभी थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की मजबूती, गश्ती व्यवस्था, वारंट निष्पादन और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाएं, संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर रखें और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच बेहतर बनाने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है।इसके अलावा उन्होंने लंबित कांडों की नियमित समीक्षा करने, समय पर चार्जशीट दाखिल करने और शिकायतों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को टीमवर्क के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की सख्त हिदायत दी।अंत में एसपी अमन कुमार ने सभी अधिकारियों को बेहतर कार्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे












