मिल्लत कॉलेज परसा पर प्रशासन की नजर,अश्लील गानों पर डांस मामले में DC ने प्राचार्य से मांगा स्पष्टीकरण।

गोड्डा (झारखंड) : हनवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत महागामा प्रखंड के परसा गांव स्थित मिल्लत कॉलेज परसा एक बार फिर विवादों में घिर गया है। सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय से संबद्ध इस सरकारी कॉलेज में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर कथित तौर पर अश्लील गाने बजाए जाने और उन पर डांस कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय पर्व जैसे गरिमामय अवसर पर कॉलेज परिसर में अश्लील गीतों पर नृत्य कराया गया, जिससे शिक्षा संस्थान की मर्यादा पर सवाल खड़े हो गए। वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराज़गी देखी गई। लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है।
इससे पहले भी वर्ष 2023 और 2024 में ऐसे कार्यक्रमों को लेकर आरोप लगते रहे हैं।मामले को राष्ट्रीय समाचार द्वारा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। उपायुक्त अंजली यादव ने मिल्लत कॉलेज परसा के प्राचार्य डॉ. तुषार कांत से 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण तलब किया है। उपायुक्त ने पूछा है कि किस परिस्थिति में इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम की अनुमति दी गई, अश्लील प्रस्तुति कैसे हुई और कॉलेज प्रशासन की जिम्मेदारी कहां थी।
खबर लिखे जाने तक कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल पूरे मामले पर जिले की नजर बनी हुई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन की कार्रवाई से कॉलेज की गिरती साख को कितना संभाला जा सकेगा।

Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे











