हजारीबाग पुलिस का बड़ा एक्शन: विशेष समकालीन अभियान में पोक्सो और महिला अपराध के 28 फरार आरोपी गिरफ्तार
हजारीबाग:-हजारीबाग पुलिस ने जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (SP) के आदेश पर 6 और 7 जुलाई की दरमियानी रात पूरे जिले में एक साथ विशेष समकालीन/छापामारी अभियान चलाया गया। इस सघन अभियान के दौरान पुलिस ने महिलाओं से संबंधित अपराधों और पोक्सो (POCSO) एक्ट के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 28 अपराधियों, वारंटियों और अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
30 टीमें और 107 पुलिसकर्मियों ने रातभर की छापेमारी
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक (DSP) और पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में अभेद्य रणनीति तैयार की गई थी।
पूरे जिले के विभिन्न थानों से थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 30 विशेष टीमों का गठन किया गया था।इन टीमों में लगभग 107 पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था, जिन्होंने चिन्हित ठिकानों पर रातभर ताबड़तोड़ छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा।
अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगी सख्ती, एसपी ने की अपील
हजारीबाग पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त और शून्य-सहनशीलता (Zero-Tolerance) वाली कार्रवाई जारी रहेगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील: पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आस-पास या इलाके में कोई भी ऐसा आपराधिक तत्व, वारंटी या कानून से भागा हुआ व्यक्ति छिपा है, तो उसकी सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाने को दें। पुलिस द्वारा उक्त सूचना का तत्काल सत्यापन करते हुए त्वरित और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
रिपोर्ट :-आशीष यादव
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













