Search
Close this search box.
Search
Close this search box.
Home » Jharkhand » हजारीबाग के पर्यटन स्थलों के कायाकल्प की उठी मांग, विधानसभा समिति बैठक में प्रदीप प्रसाद ने घेरा विभाग

हजारीबाग के पर्यटन स्थलों के कायाकल्प की उठी मांग, विधानसभा समिति बैठक में प्रदीप प्रसाद ने घेरा विभाग

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

हजारीबाग के पर्यटन स्थलों के कायाकल्प की उठी मांग, विधानसभा समिति बैठक में प्रदीप प्रसाद ने घेरा विभाग

छड़वा डैम में बोटिंग, कनहरी में रिसोर्ट, झील सौंदर्यीकरण और जगन्नाथ धाम विकास पर मांगा जवाब

रांची/हजारीबाग:झारखंड विधानसभा परिसर, रांची में आयोजित युवा कल्याण, संस्कृति एवं पर्यटन विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक में हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने जिले के पर्यटन, पेयजल और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। बैठक में उन्होंने पर्यटन विभाग एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से विभिन्न योजनाओं की वर्तमान स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने की मांग की।

समिति की सभापति एवं ईचागढ़ विधायक साबिता महतो की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध जिला है, लेकिन अब तक यहां पर्यटन विकास की दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि हजारीबाग को झारखंड के प्रमुख पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम होना चाहिए।

छड़वा डैम को विकसित करने पर जोर

बैठक में विधायक ने छड़वा डैम में पर्यटकों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित बोटिंग सुविधा उपलब्ध कराने, गोताखोरों की नियुक्ति तथा मां काली मंदिर क्षेत्र के जीर्णोद्धार की योजना पर विभाग से जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि छड़वा डैम प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थल है और यदि यहां बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएं तो यह राज्य का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकता है।

सिलवार स्थित जगन्नाथ धाम के विकास का मुद्दा उठा

प्रदीप प्रसाद ने सिलवार स्थित जगन्नाथ धाम मंदिर को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में अब तक किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं का भी ब्यौरा मांगा। उन्होंने कहा कि यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण है।

कनहरी में रिसोर्ट निर्माण पर मांगा स्पष्ट जवाब

विधायक ने कनहरी क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से प्रस्तावित भव्य रिसोर्ट निर्माण योजना पर विभाग से स्पष्ट जानकारी देने को कहा। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक सुविधाओं और ठहरने की व्यवस्था विकसित करना आवश्यक है।

हजारीबाग झील के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर

बैठक के दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद ने हजारीबाग शहर की पहचान मानी जाने वाली झीलों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शहर की झीलें हजारीबाग की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर हैं, लेकिन पर्याप्त रखरखाव और आधुनिक सुविधाओं के अभाव में उनकी उपयोगिता प्रभावित हो रही है।

उन्होंने झील किनारे वॉकिंग ट्रैक, आकर्षक लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा और नौकायन जैसी सुविधाएं विकसित करने की मांग करते हुए कहा कि योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए तो हजारीबाग झील क्षेत्र राज्य के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में शामिल हो सकता है।

ट्रैकिंग और इको-टूरिज्म योजनाओं की समीक्षा

विधायक ने जिले के पर्यटन स्थलों के आसपास ट्रैकिंग के लिए चयनित स्थलों की संख्या और वहां चल रही तैयारियों की भी जानकारी ली। बैठक में इको-टूरिज्म, पर्यटन स्थलों के प्रदूषण नियंत्रण और फिल्म सिटी जैसी संभावित परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

पेयजल योजनाओं पर मांगा विस्तृत प्रतिवेदन

बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से वर्ष 2024-25 और 2025-26 में संचालित योजनाओं, वित्तीय आवंटन और योजनाओं की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करने को कहा गया। विधायक ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है।

शहीद निर्मल महतो पार्क के विकास पर भी चर्चा

हजारीबाग शहर स्थित शहीद निर्मल महतो पार्क में आम लोगों को उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की विकास योजनाओं पर भी बैठक में चर्चा हुई। विधायक ने पार्क में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने तथा इसे आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता बताई।

खिलाड़ियों को रोजगार और स्कॉलरशिप पर जोर

बैठक में राज्य में युवा कल्याण, खेल, संस्कृति और पर्यटन विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रतिभावान खिलाड़ियों को रोजगार और स्कॉलरशिप उपलब्ध कराने की योजनाओं में पारदर्शिता और तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में बेरमो विधायक अनूप सिंह, झरिया विधायक रागिनी सिंह, पाकुड़ विधायक निषाद आलम समेत युवा कल्याण, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

[wonderplugin_slider id=1]

Rashtriy Samachar हिंदी के साथ रहें अपडेट

सब्स्क्राइब कीजिए हमारा डेली न्यूजलेटर और पाइए खबरें आपके इनबॉक्स में

और खबरें

तनाव की सूचना के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, गिद्धौर थाना प्रभारी पर उठे सवाल

तनाव की सूचना के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, गिद्धौर थाना प्रभारी पर उठे सवाल.. द्वारी रेलवे साइडिंग में खूनी संघर्ष: तलवार-लाठी से हमला, 10 घायल;

Chatra News: वर्चस्व की लड़ाई में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, आधा दर्जन से अधिक घायल

द्वारी रेलवे साइडिंग में वर्चस्व की जंग खूनी संघर्ष में बदली, तलवारबाजी में कई घायल; चतरा-हजारीबाग मार्ग जाम गिद्धौर:-चतरा जिले के गिद्धौर और पत्थलगड़ा प्रखंड

10 घंटे में चोरी का ट्रैक्टर बरामद, बड़कागांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरों के मंसूबे नाकाम

10 घंटे में चोरी का ट्रैक्टर बरामद, बड़कागांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरों के मंसूबे नाकाम थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में

हजारीबाग में फिर सक्रिय हुआ अवैध लॉटरी सिंडिकेट, पुलिस के आदेश बेअसर!

हजारीबाग में फिर सक्रिय हुआ अवैध लॉटरी सिंडिकेट, पुलिस के आदेश बेअसर! आनंदा चौक से सिंदूर चौक तक खुलेआम बिक रहीं टिकटें, चंद घंटों में

Live Cricket