श्रीनगर में दो संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
नाका चेकिंग के दौरान हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद, UAPA के तहत मामला दर्ज
श्रीनगर:जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाका चेकिंग अभियान के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को बाबादेम इलाके से हथियार और प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े पोस्टरों के साथ पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीनगर निवासी फैसल अहमद भट और फैसल अहमद गुरु के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक बाइक पर सवार होकर बाबादेम इलाके से गुजर रहे थे। इसी दौरान सुरक्षा जांच के तहत लगाए गए नाके पर पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से एक पिस्टल, तीन मैग्जीन, 21 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े पोस्टर बरामद हुए। बरामद सामग्री के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
घटना के बाद जांच एजेंसियों ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किसी बड़े आतंकी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं। साथ ही उनके अन्य संभावित संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
इस मामले में श्रीनगर के एमआर गंज पुलिस स्टेशन में एफआईआर संख्या 26/2025 दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ से आतंकियों के नेटवर्क और उनकी गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। वहीं इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













