रांची सदर अस्पताल में आवारा कुत्तों का आतंक, मरीजों में डर का माहौल
रांची:राजधानी रांची के सदर अस्पताल में एक ओर जहां मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों की मौजूदगी ने मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर डॉग बाइट के शिकार मरीज, जो एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाने अस्पताल पहुंचते हैं, वही अंदर कुत्तों को घूमता देख सहम जाते हैं।
अस्पताल अपनी आधुनिक सुविधाओं के लिए जाना जाता है, लेकिन इमरजेंसी वार्ड के आसपास आवारा कुत्तों का खुलेआम घूमना गंभीर सवाल खड़े करता है। यह कोई नई समस्या नहीं है—काफी समय से कुत्ते अस्पताल परिसर में बेखौफ घूमते देखे जा रहे हैं, जिससे मरीजों में भय का माहौल बना हुआ है।
सबसे ज्यादा खतरा छोटे बच्चों और बुजुर्गों को बताया जा रहा है। कई लोग पहले से ही कुत्तों से डरते हैं, ऐसे में अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर उनकी मौजूदगी स्थिति को और गंभीर बना रही है। बावजूद इसके, अस्पताल प्रबंधन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने की बात सामने आ रही है।
आंकड़ों के मुताबिक, सदर अस्पताल में हर दिन 150 से ज्यादा डॉग बाइट के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे यह साफ है कि शहर में आवारा कुत्तों की समस्या बढ़ती जा रही है।
सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मुद्दे पर सख्त निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने सभी राज्यों को आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर होम बनाने, अस्पताल और स्कूल जैसे संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का आदेश दिया था।
इसके बावजूद सदर अस्पताल की मौजूदा स्थिति इन निर्देशों के पालन पर सवाल खड़े करती है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन इस गंभीर समस्या पर कब तक प्रभावी कदम उठाते हैं।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे












