मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में जुटे बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, क्षेत्र का किया व्यापक दौरा
बड़कागांव: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और क्षेत्र में भाईचारा एवं शांति का माहौल कायम रहे, इसके लिए उन्होंने थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों और अखाड़ा समितियों के सदस्यों से संवाद स्थापित किया।
इन दिनों प्रखंड के विभिन्न अखाड़ों में फातिहा खानी का कार्यक्रम चल रहा है और लोग पूरे उत्साह व श्रद्धा के साथ मुहर्रम पर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं। कई गांवों में आकर्षक और भव्य ताजिया का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे समय में थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं और लोगों को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा कोई भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुहर्रम केवल एक धार्मिक पर्व नहीं बल्कि सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में आम जनता, जनप्रतिनिधियों, अखाड़ा समितियों तथा बुद्धिजीवी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन और जनता के सामूहिक प्रयास से ही त्योहारों को सफल एवं सुरक्षित बनाया जा सकता है।
इस दौरान थाना प्रभारी ने बड़कागांव, महुदी, बादम, रुद्दी सहित कई गांवों का दौरा कर अखाड़ा समितियों के पदाधिकारियों, ग्रामीणों एवं युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और स्थानीय जरूरतों की जानकारी ली तथा भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई।
क्षेत्र के लोगों ने भी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह की सक्रियता, सतर्कता और जनसंपर्क शैली की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि त्योहारों के दौरान उनका लगातार क्षेत्र भ्रमण और लोगों से सीधा संवाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ जनता में विश्वास भी बढ़ा रहा है।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी के साथ एसआई राकेश खवास, एसआई अभिषेक कुमार एवं बड़कागांव थाना के सशस्त्र बल के जवान भी मौजूद थे।


