बड़कागांव पुलिस की बड़ी सफलता: चोरी की वारदात का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
बड़कागांव (हजारीबाग): हजारीबाग जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर बड़कागांव थाना पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की घटना का त्वरित उद्भेदन किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी गए मोबाइल फोन, चांदी की पायल और नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, महगाईखुर्द गांव निवासी नंदकिशोर प्रजापति के घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद पीड़ित द्वारा बड़कागांव थाना में लिखित आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर 31 जुलाई 2026 को बड़कागांव थाना कांड संख्या 136/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना और लगातार छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने 2 अगस्त 2026 को दो आरोपियों काशिफ खान उर्फ अंसर इमाम (निवासी बादम) तथा अशहर रजा उर्फ मो. राजा (निवासी कनकीडाड़ी, डाड़ीकला) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के तीन मोबाइल फोन, दोनों पैरों की चांदी की पायल तथा 11,600 रुपये नकद बरामद कर जब्त कर लिए।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को 3 अगस्त 2026 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बड़कागांव थाना पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ जारी सख्त अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। हाल के दिनों में थाना पुलिस लगातार चोरी, अवैध कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा आम लोगों से भी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












