बकरीद को लेकर कटकमदाग थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील
हजारीबाग : आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कटकमदाग थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी सत्येन्द्र नारायण पासवान ने की।
बैठक में थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक ज्ञान रंजन, पेलावल इंस्पेक्टर साहिद रजा, जिला परिषद सदस्य जीतन राम सहित जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंचल अधिकारी सत्येन्द्र नारायण पासवान ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, त्याग और भाईचारे का पर्व है, जिसे सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। उन्होंने अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की।
पुलिस उपाधीक्षक ज्ञान रंजन ने लोगों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और विधि व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की बात कही। थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्ती अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा नहीं करने को लेकर भी चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













