पति–पत्नी दोनों बने उप विकास आयुक्त, झारखंड प्रशासन में बनी मिसाल.
रांची: झारखंड प्रशासनिक सेवा में पति–पत्नी दोनों का एक साथ उप विकास आयुक्त (डीडीसी) पद पर नियुक्त होना चर्चा और सराहना का विषय बना हुआ है। इसे न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि, बल्कि राज्य प्रशासन के लिए भी एक प्रेरक उदाहरण माना जा रहा है।
चतरा जिले के सिमरिया अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) के रूप में कार्यरत रहे सन्नी राज को राज्य सरकार ने धनबाद का उप विकास आयुक्त नियुक्त किया है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अनुशासन, पारदर्शिता एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से पहचान बनाई। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है।
वहीं कोडरमा की अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) रिया सिंह को हजारीबाग का उप विकास आयुक्त बनाया गया है। रिया सिंह ने कुशल प्रशासन, संवेदनशीलता एवं विकास कार्यों के प्रति सक्रियता के माध्यम से अलग पहचान स्थापित की है।
महिला एवं बाल कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में उनके प्रयासों की सराहना होती रही है।पति–पत्नी दोनों का एक साथ डीडीसी पद पर चयन प्रशासनिक एवं सामाजिक दोनों स्तरों पर सराहा जा रहा है। इसे कड़ी मेहनत, लगन और योग्यता का परिणाम बताते हुए युवा अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













