देर रात सड़क पर उतरे एसपी, जरूरतमंदों में बांटे कंबल, युवाओं को दिए संयम के संदेश
गिरिडीह:कड़ाके की ठंड के बीच गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार मानवीय संवेदना और जिम्मेदारी की मिसाल बनकर देर रात सड़कों पर नजर आए। नए साल के आगमन से पूर्व शहर की स्थिति का जायजा लेने के लिए एसपी स्वयं मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के साथ विभिन्न चौक-चौराहों और बस पड़ावों पर पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने यह समझने का प्रयास किया कि नववर्ष के जश्न को लेकर युवाओं की क्या तैयारी है। उन्होंने युवाओं को स्पष्ट संदेश दिया कि सड़क पर हुड़दंग, तेज रफ्तार और शराबखोरी से दूर रहें तथा शांति और अनुशासन के साथ नए साल का स्वागत करें। उन्होंने कहा कि नया साल परिवार के साथ और बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर मनाएं, ताकि उत्सव खुशियों में बदले, किसी के लिए परेशानी का कारण न बने।इस दौरान चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच भी की गई और नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही नए साल के मौके को बदरंग न करने की अपील की गई।
मानवीय पहल के तहत एसपी डॉ. विमल कुमार ने शहर के विभिन्न इलाकों में ठंड से ठिठुरकर सो रहे जरूरतमंद और बेसहारा लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। देर रात ठंड में राहत पहुंचाने की इस पहल से जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली।एसपी की इस संवेदनशील और सक्रिय भूमिका की शहर वासियों ने सराहना की है।



