झारखंड में JSSC-CGL समेत TDPL की कराई सभी परीक्षाएं रद्द होंगी, CM हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान
रांची। झारखंड सरकार ने JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को मंत्रियों के साथ बैठक के बाद इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने JSSC-CGL का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन स्पष्ट किया कि TDPL द्वारा वर्ष 2014 से अब तक कराई गई सभी परीक्षाएं रद्द की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और गड़बड़ी मुक्त बनाने के लिए IAS अमिताभ कौशल के नेतृत्व में एक कमेटी गठित की जाएगी। यह कमेटी भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन को लेकर नियम-कायदे और व्यवस्था तय करेगी।
सरकार इससे पहले 14वीं JPSC और बैकलॉग की दो परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला कर चुकी है। JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों के आंदोलन के बीच सरकार के इस फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
2025 पदों के लिए हुई थी JSSC-CGL परीक्षा
JSSC-CGL 2023 की परीक्षा कुल 2025 पदों के लिए 21 और 22 सितंबर 2024 को आयोजित हुई थी। इसका परिणाम 8 दिसंबर 2025 को जारी किया गया था। परीक्षा में पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोपों को लेकर छात्रों ने लगातार विरोध किया। हंगामे के बीच तत्कालीन JSSC चेयरमैन और पूर्व DGP नीरज सिन्हा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 30 दिसंबर 2025 को सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी दिया गया था।
छात्रों की प्रमुख मांग थी परीक्षा रद्द करना
JPSC नियुक्ति में कथित गड़बड़ी के बाद शुरू हुए छात्र आंदोलन में JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करना प्रमुख मांगों में शामिल था। छात्रों ने TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने और पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग भी की थी।
आंदोलन के दौरान गिरफ्तार अभय तिवारी के कथित स्वीकारोक्ति बयान में JSSC-CGL परीक्षा में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप सामने आने की बात कही गई थी। हालांकि, इन आरोपों की जांच और सत्यापन संबंधित जांच एजेंसियों के स्तर पर होना है।
सोमवार को छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के साथ सरकार की वार्ता प्रस्तावित थी। वार्ता से पहले मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ बैठक की और उसके बाद परीक्षाओं को रद्द करने का बड़ा ऐलान किया। सरकार के इस फैसले से आंदोलनरत छात्रों की प्रमुख मांगों में से एक पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे














1 thought on “झारखंड में JSSC-CGL समेत TDPL की कराई सभी परीक्षाएं रद्द होंगी, CM हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान”
[346968]supplies professional anti-violence equipments and solutions for the whole world with strong and perfect production capacity. anti-violence.org