झामुमो का जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन संपन्न, संगठन मजबूती पर हुआ मंथन
बूथ कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं: विनोद पांडेय, बीएलए-2 को मिला मतदाता सूची पुनरीक्षण का प्रशिक्षण
हजारीबाग: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन सोमवार को विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका, सदस्यता अभियान और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि फागू बेसरा मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया ने की, जबकि संचालन नीलकंठ महतो ने किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विनोद पांडेय ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक ताकत और रीढ़ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
फागू बेसरा ने कहा कि झामुमो का इतिहास संघर्ष और जनहित की राजनीति का रहा है। उन्होंने युवाओं को पार्टी से जोड़ने और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने पर जोर दिया। वहीं जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही पार्टी की सफलता की कुंजी है।
सम्मेलन के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर विभिन्न बूथों के बीएलए-2 को मतदाता सूची पुनरीक्षण, नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, त्रुटियों में सुधार तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का प्रशिक्षण दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और बूथ सशक्तीकरण की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। अंत में केंद्रीय सदस्य गौरव पटेल ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
सम्मेलन में पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष जानकी यादव, केंद्रीय सदस्य राजा मोहम्मद, सुनील शर्मा, सोना राम मांझी, यासीन खान, विकास राणा, जिला प्रवक्ता कुणाल यादव सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, बीएलए-2 प्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


