चौपारण में अवैध शराब और नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, थाना प्रभारी पंकज कुमार खुद संभाल रहे मोर्चा
चौपारण: चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न होटल, ढाबों और लॉजों में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की सक्रियता से अवैध कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जब से थाना प्रभारी पंकज कुमार ने चौपारण थाना की कमान संभाली है, तब से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। थाना प्रभारी स्वयं टीम के साथ अलग-अलग होटलों और ढाबों में पहुंचकर जांच एवं छापेमारी कर रहे हैं।
छापेमारी के दौरान होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिया जा रहा है कि उनके प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, मादक पदार्थों की बिक्री या अवैध शराब का कारोबार नहीं होना चाहिए। पुलिस टीम द्वारा होटल रजिस्टर, आने-जाने वाले लोगों की जानकारी एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि चौपारण क्षेत्र में नशे और अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और आगे भी यह अभियान और सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में डर का माहौल देखा जा रहा है।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे












