3 नवंबर की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली को लेकर भाजपा ने कसी कमर, सांसद कार्यालय में हुई रणनीतिक बैठक
हजारीबाग। आगामी 3 नवंबर को आयोजित होने वाली भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को हजारीबाग के झंडा चौक स्थित सांसद कार्यालय में भाजपा की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने की। इसमें सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों के साथ मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में रैली की तैयारियों, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने कहा कि 3 नवंबर की रैली को लेकर पार्टी संगठन पूरी गंभीरता के साथ जुटा हुआ है। प्रदेश से लेकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
संगठन की एकजुटता से सफल होगा कार्यक्रम : अमित यादव
बरकट्ठा विधायक अमित यादव ने अपने संबोधन में रैली की तैयारियों और संगठनात्मक स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। वहीं बरही विधायक मनोज यादव ने भी कार्यक्रम की तैयारियों, संगठन की सक्रियता और विभिन्न स्तरों पर बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया।
सांसद मनीष जायसवाल ने कार्यकर्ताओं से व्यापक जनसंपर्क का किया आह्वान
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि आगामी 3 नवंबर को होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली संगठन की एकजुटता और सामूहिक शक्ति प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ इसकी तैयारियों में जुट जाएं। मंडल से लेकर बूथ स्तर तक व्यापक जनसंपर्क और आपसी समन्वय स्थापित कर रैली में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लगातार चुनावों में हार के बावजूद कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। सांसद ने कहा कि हाल के निकाय चुनावों में बैलेट पेपर से मतदान होने के बावजूद कांग्रेस को सफलता नहीं मिली और पार्टी शून्य पर रही। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी सफलता नहीं मिलने पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश की सत्ता तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व विधायक विरिंची नारायण ने बताई कार्यक्रम की रूपरेखा
रैली के कार्यक्रम प्रभारी एवं पूर्व विधायक विरिंची नारायण ने आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और निर्धारित जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी प्रतिबद्धता के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
बैठक में जिला प्रभारी किशुन दास सहित प्रदेश के पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का मंच संचालन जिला महामंत्री जय नारायण कुशवाहा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सर्वेश सिंह ने किया।
जारीकर्ता : सुमित कुमार लाहेरी, जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा, हजारीबाग।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












