हजारीबाग में जाम से मिलेगी मुक्ति? वन-वे व्यवस्था का ट्रायल शुरू, तीन प्रमुख चौकों पर बदला ट्रैफिक रूट
बुढ़वा महादेव, गाड़ीखाना और बंशीलाल चौक को जोड़कर बनाया गया नया ट्रैफिक प्लान, अस्पताल के पास पार्किंग की व्यवस्था; ऑटो चालकों को भी चेतावनी
हजारीबाग। शहरवासियों को रोजाना लगने वाले भीषण जाम से राहत दिलाने के लिए हजारीबाग यातायात पुलिस ने नई पहल शुरू की है। शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर यातायात का दबाव कम करने के उद्देश्य से वन-वे व्यवस्था का ट्रायल शुरू किया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत बुढ़वा महादेव चौक, गाड़ीखाना चौक और बंशीलाल चौक को जोड़ते हुए यातायात का नया घेरा तैयार किया गया है। इसके माध्यम से वाहनों के आवागमन की दिशा निर्धारित की गई है, ताकि तीनों प्रमुख चौकों पर वाहनों का अनावश्यक दबाव कम हो और जाम की समस्या से निजात मिल सके।
अब बुढ़वा महादेव चौक से सीधे बंशीलाल चौक नहीं जा सकेंगे वाहन
नई यातायात व्यवस्था की जानकारी देते हुए सीसीआर डीएसपी एकरामुल हक ने बताया कि बुढ़वा महादेव चौक से आने वाले वाहन अब सीधे बंशीलाल चौक की ओर नहीं जाएंगे। उन्हें पहले गाड़ीखाना चौक पहुंचना होगा। इसके बाद गाड़ीखाना चौक से बंशीलाल चौक होकर आगे जाना होगा।
वहीं, झंडा चौक से बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी नया रूट निर्धारित किया गया है। ऐसे वाहनों को बंशीलाल चौक से बाएं मुड़कर गाड़ीखाना चौक और फिर बुढ़वा महादेव चौक होते हुए पुराने बस स्टैंड की ओर जाना होगा।
अस्पताल के पास पार्किंग की व्यवस्था
शहर में जाम की एक बड़ी वजह सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग भी मानी जाती है। इसे देखते हुए अस्पताल के समीप पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि सड़क पर वाहनों का जमावड़ा कम हो और यातायात सुचारू बना रहे।
Auto चालकों को दी गई चेतावनी
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऑटो चालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्हें निर्धारित स्थानों और यातायात नियमों के अनुसार वाहन चलाने की हिदायत दी गई है। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सड़क पर अनावश्यक रूप से ऑटो खड़ा करने और यातायात बाधित करने से बचना होगा।
ट्रायल के बाद व्यवस्था की होगी समीक्षा
वन-वे व्यवस्था लागू करने का मुख्य उद्देश्य शहर के व्यस्ततम चौक-चौराहों पर जाम का दबाव कम करना और आम लोगों को आवागमन में सुविधा प्रदान करना है। ट्रायल के दौरान यातायात की स्थिति पर नजर रखी जाएगी, ताकि व्यवस्था की उपयोगिता और सामने आने वाली समस्याओं का आकलन किया जा सके।
अब देखना होगा कि यातायात पुलिस की यह नई पहल हजारीबाग शहर को रोजाना लगने वाले जाम से कितनी राहत दिला पाती है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












