हजारीबाग में ट्रैफिक पुलिस का सख्त अभियान, नो-पार्किंग से 10 वाहन क्रेन से उठाए
बिना हेलमेट 103, ट्रिपल लोडिंग के 33 और मोबाइल पर बात करते वाहन चलाने वाले 10 चालकों पर कार्रवाई
हजारीबाग। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हजारीबाग पुलिस ने 28 और 29 सितंबर को विशेष वाहन चेकिंग सह जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
अभियान के लिए पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारी, चार पुलिस पदाधिकारी, आठ पुलिसकर्मी और आठ गृहरक्षकों की टीम गठित की गई थी। टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर वाहन जांच की।
पुलिस टीम ने इंद्रपुरी चौक, डॉक्टर गली, आनंद चौक, कांग्रेस चौक, गुरु गोविंद सिंह रोड, पैगोडा चौक, मेन रोड, झंडा चौक, खाजा चौक, सांसद महोदय मोड़, सुंदरी मार्केट, पंच मंदिर चौक, छोटी ग्वालटोली, सुजात चौक, सरदार चौक और वंशीलाल चौक समेत अन्य स्थानों पर अभियान चलाया।
नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 103, ट्रिपल लोडिंग के 33 और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 10 चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। वहीं नो-पार्किंग जोन में खड़े 239 ऑटो, टोटो एवं अन्य वाहनों के खिलाफ भी चालान काटे गए।
यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को हटाने के लिए टो मशीन (छोटे क्रेन) का भी इस्तेमाल किया। इस दौरान 10 वाहनों को क्रेन की मदद से उठाकर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करें और सड़क पर अनावश्यक जाम की स्थिति पैदा न करें। पुलिस के अनुसार वाहन चेकिंग सह जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












