छठ महापर्व से पहले स्वच्छता के लिए मैदान में उतरी हजारीबाग पुलिस, एसपी अमन कुमार के नेतृत्व में झील परिसर में चला विशेष सफाई अभियान
हजारीबाग, 12 नवंबर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर हजारीबाग पुलिस ने सामाजिक जिम्मेदारी की अनूठी मिसाल पेश की। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को शहर के झील परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेकर छठ घाटों की साफ-सफाई की और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
छठ महापर्व को देखते हुए झील परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में घाटों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से हजारीबाग पुलिस की ओर से यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान झील परिसर स्थित छठ घाटों की सफाई की गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने श्रमदान कर यह संदेश दिया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना केवल नगर निगम या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
एसपी अमन कुमार ने दिया स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य छठ घाटों को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करना रहा। पुलिस विभाग ने इस अभियान के माध्यम से दो महत्वपूर्ण संदेश दिए—
“स्वच्छता को अपनाना है, हजारीबाग को सुंदर बनाना है।”
“हम सब का यही है नारा, साफ-सुथरा हो हजारीबाग हमारा।”
पुलिस प्रशासन का यह प्रयास छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही शहर में स्वच्छता के प्रति सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
वरीय पुलिस अधिकारियों और जवानों ने किया श्रमदान
इस विशेष स्वच्छता अभियान में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के साथ पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र हजारीबाग सहित जिले के विभिन्न पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल हुए।
सभी ने मिलकर झील परिसर के छठ घाटों की सफाई में योगदान दिया। पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की इस सहभागिता से आम लोगों को भी अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थानों को स्वच्छ रखने की प्रेरणा मिली।
स्वच्छ और सुंदर हजारीबाग बनाने की अपील
हजारीबाग पुलिस ने इस अभियान के जरिए आम नागरिकों से अपील की कि छठ महापर्व के दौरान घाटों एवं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं। पूजा सामग्री और अन्य कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
छठ जैसे पवित्र महापर्व पर पुलिसकर्मियों का वर्दी के साथ सफाई अभियान में उतरना सामाजिक सरोकार और जनभागीदारी का सकारात्मक संदेश देता है। पुलिस प्रशासन की इस पहल से स्पष्ट है कि हजारीबाग को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












