चौपारण में बड़ी कार्रवाई: XUV से 41 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, चालक फरार
हजारीबाग:हजारीबाग पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चौपारण थाना क्षेत्र से 41 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक सफेद रंग की XUV-500 को जब्त किया, जबकि वाहन चालक अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को 26 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपारण थाना क्षेत्र के केंदुआ मोड़ की ओर से एक सफेद रंग की XUV-500 में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर कठम्बा की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार तथा सशस्त्र बल की एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने ग्राम पडरिया पुल के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध XUV-500 (पंजीकरण संख्या BR01PH-9361) को रोक लिया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे और झाड़ियों का लाभ उठाते हुए फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की और बीच की सीट से ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की की 41 पेटी, जिसमें 180 एमएल की कुल 1968 बोतलें थीं, बरामद की गईं। पुलिस ने शराब और वाहन दोनों को जब्त कर लिया है तथा फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
छापेमारी दल में बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दिव्य प्रकाश, सहायक अवर निरीक्षक बादल कुमार महतो तथा चौपारण थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
हजारीबाग पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












