इंसानियत की मिसाल पेश कर रहा Helping India Trust, बेसहारा बाबा को घर पहुँचाने की उठाई जिम्मेदारी
हजारीबाग से कोलकाता तक होगी सुरक्षित वापसी, जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भी कराया जाएगा भर्ती; ट्रस्ट के संस्थापक शाहिद हुसैन ने कहा– किसी बेसहारा को अकेला छोड़ना हमारी संस्कृति नहीं
हजारीबाग। समाज में जब कई बार अपनों का साथ छूट जाता है और कोई व्यक्ति अनजान शहर में बेसहारा होकर रह जाता है, तब कुछ ऐसे लोग भी सामने आते हैं जो इंसानियत को सबसे बड़ा धर्म मानकर उसकी मदद के लिए आगे आते हैं। इसी मानवीय सोच और सेवा भावना की एक और मिसाल Helping India Trust ने पेश की है। हजारीबाग में बेसहारा अवस्था में मिले कोलकाता निवासी बाबा रत्नजीत भट्टाचार्य को उनके घर तक सुरक्षित पहुँचाने की जिम्मेदारी ट्रस्ट ने उठाई है।
ट्रस्ट की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बाबा रत्नजीत भट्टाचार्य को गुरुवार को कोलकाता पहुँचाने के उद्देश्य से हजारीबाग से रवाना किया जाएगा। ट्रस्ट के सदस्यों का प्रयास है कि उन्हें सुरक्षित उनके स्थायी निवास तक पहुँचाया जाए, ताकि वह अपने परिचित परिवेश और अपनों के बीच वापस लौट सकें। वहीं, उनकी स्वास्थ्य स्थिति को भी प्राथमिकता दी जा रही है। यदि यात्रा के दौरान या कोलकाता पहुँचने पर चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता महसूस होती है, तो उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस पहल को लेकर Helping India Trust के संस्थापक सह अध्यक्ष शाहिद हुसैन ने कहा कि किसी बेसहारा व्यक्ति की मदद करना केवल उसे भोजन, कपड़े या आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं होना चाहिए। असली सेवा तब है, जब किसी जरूरतमंद को सम्मान के साथ उसके घर और अपनों तक पहुँचाने का प्रयास किया जाए। बाबा रत्नजीत भट्टाचार्य की सुरक्षित घर वापसी के लिए ट्रस्ट पूरी गंभीरता के साथ प्रयासरत है।
शाहिद हुसैन ने आगे कहा कि Helping India Trust का संकल्प है कि कोई भी बेसहारा, लावारिस या जरूरतमंद व्यक्ति खुद को समाज में अकेला और उपेक्षित महसूस न करे। ऐसे लोगों की सहायता करना समाज के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज और प्रशासन के सहयोग से जरूरतमंदों की सेवा और मानवता की रक्षा का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
सेवा और संवेदना का संदेश दे रही पहल
Helping India Trust की यह पहल समाज के सामने एक सकारात्मक संदेश प्रस्तुत करती है कि मानवता की सेवा के लिए बड़े संसाधनों से अधिक संवेदनशील सोच और मदद का जज्बा जरूरी है। हजारीबाग में मिले एक बेसहारा व्यक्ति को उसके घर तक पहुँचाने का प्रयास न सिर्फ उसके लिए राहत की उम्मीद है, बल्कि समाज को भी यह याद दिलाता है कि इंसानियत और परोपकार से बढ़कर कोई सेवा नहीं है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













