पिपरवार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चौड़ा गांव में 100 ट्रैक्टर अवैध बालू जब्त, माफियाओं में हड़कंप
सीओ टंडवा, टंडवा थाना एवं पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा की संयुक्त छापेमारी, 10,000 सीएफटी बालू जब्त, अग्रिम कार्रवाई जारी।
टंडवा (चतरा):-अवैध खनन और बालू के अवैध भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम चौड़ा में अवैध रूप से स्टॉक कर रखे गए लगभग 100 ट्रैक्टर (करीब 10,000 सीएफटी) बालू को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई अंचल अधिकारी (सीओ) टंडवा, टंडवा थाना पुलिस एवं पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त रूप से की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध रूप से जमा किए गए बालू को जब्त किया गया। प्रशासन ने जब्त बालू को अपने कब्जे में लेते हुए संबंधित मामले में विधिसम्मत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मामले में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में अवैध खनन, अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
लगातार कार्रवाई से अपराधियों में बढ़ा खौफ
पिपरवार थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में हाल के समय में अवैध खनन, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इन कार्रवाइयों के कारण क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर भी पुलिस की सक्रियता की चर्चा हो रही है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












