घर से पांच गैस सिलेंडर चोरी मामले का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
आरोपी की निशानदेही पर दो सिलेंडर बरामद, घटना में प्रयुक्त अपाची बाइक जब्त; पूर्व में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
हजारीबाग। कोर्रा थाना पुलिस ने घर से गैस सिलेंडर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए दो गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त एक अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को राजीव रंजन ने कोर्रा थाना में लिखित आवेदन देकर अपने घर से पांच गैस सिलेंडर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कोर्रा थाना कांड संख्या 168/26, दिनांक 12 सितंबर 2026, धारा 331(3)/305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
अनुसंधान के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुन्दन कुमार मलहार, पिता स्व. मनोज कुमार मलहार, निवासी सिंदूर, थाना कोर्रा, को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए दो इंडेन गैस सिलेंडर बरामद किए गए। साथ ही घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल संख्या JH02BT-1453 को भी जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में गैस सिलेंडर चोरी की घटना के अलावा हजारीबाग के यूएचएस विद्यालय सिंदूर में दो अन्य साथियों के साथ चोरी की घटना को अंजाम देने की बात भी बताई है। पुलिस आरोपी द्वारा बताए गए अन्य सहयोगियों के खिलाफ छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार कुन्दन कुमार मलहार के खिलाफ कोर्रा थाना में पहले भी दो मामले दर्ज हैं। इनमें कांड संख्या 255/23, दिनांक 13 सितंबर 2023, धारा 380/411 भादवि तथा कांड संख्या 37/25, दिनांक 27 फरवरी 2025, धारा 331(4)/305(4) भारतीय न्याय संहिता से संबंधित है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे













