पानीमाको जंगल अपहरण कांड में दो गिरफ्तार, 4500 रुपये और टी-शर्ट बरामद
दो लाख रुपये लेकर छोड़े गए थे मजदूर, तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
हजारीबाग। टाटीझरिया थाना क्षेत्र के पानीमाको जंगल में मजदूर लाने जा रहे पंचम महतो और उनके साथ काम करने वाले रामलाल हासंदा के अपहरण मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों को 9 सितंबर की शाम हथियार के बल पर अगवा कर लिया गया था और उनकी रिहाई के लिए परिजनों से दो लाख रुपये की मांग की गई थी। अगले दिन 10 सितंबर की सुबह कथित तौर पर रकम देने के बाद दोनों को छोड़ दिया गया था।
घटना के संबंध में पंचम महतो ने 10 सितंबर को टाटीझरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विष्णुगढ़ एसडीपीओ फौजान अहमद के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए छोटु किस्कु उर्फ घोरला (30), निवासी बड़कीटांड, पचम्भा थाना, गिरिडीह और रामलाल हासंदा (28), निवासी अलखरी कला, विष्णुगढ़ थाना, हजारीबाग को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, छोटु किस्कु की निशानदेही पर घटना के समय पहना गया चितकबरा टी-शर्ट तथा कथित रूप से वादी के परिजनों से ली गई रकम में से 2500 रुपये बरामद किए गए। वहीं रामलाल हासंदा की निशानदेही पर 2000 रुपये बरामद हुए। दोनों आरोपियों से कुल 4500 रुपये की बरामदगी बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी छोटु किस्कु उर्फ घोरला का पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। उसके खिलाफ पचम्भा थाना, गिरिडीह में वर्ष 2024 में मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। छापेमारी टीम में विष्णुगढ़, टाटीझरिया, चुरचु और दारू थाना के पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा के कर्मी तथा टाटीझरिया थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












