नियुक्ति घोटाले को लेकर JSSC कार्यालय में CID की छापेमारी, अधिकारियों से पूछताछ
रांची। नियुक्ति घोटाले की जांच के सिलसिले में CID ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के कार्यालय में छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई अब तक की जांच में सामने आए तथ्यों और गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, CID की टीम JSSC के सचिव सुधीर गुप्ता समेत आयोग के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी नियुक्ति प्रक्रिया और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
जांच के दौरान नियुक्ति घोटाले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में JSSC की विभिन्न नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित पैसों के लेनदेन और अनियमितताओं से जुड़ी जानकारी सामने आने की बात कही गई है। आरोपियों ने कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न पदों की नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी की जानकारी भी जांच एजेंसी को दी थी।
CID अब इन दावों और सामने आए तथ्यों का सत्यापन कर रही है। छापेमारी और पूछताछ की कार्रवाई के बाद मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












