तिरंगा यात्रा और होमगार्ड बहाली को लेकर विधायक प्रदीप प्रसाद से मिला डिफेंस एसोसिएशन
13 अगस्त की भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों युवाओं के जुटने की तैयारी, लंबित होमगार्ड रिजल्ट जारी कराने की भी उठी मांग
:-हजारीबाग स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 13 अगस्त को हजारीबाग में प्रस्तावित भव्य तिरंगा यात्रा तथा जिले में होमगार्ड बहाली से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर हजारीबाग डिफेंस एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को तिरंगा यात्रा की तैयारियों और युवाओं से जुड़े रोजगार के मुद्दों से अवगत कराया।
हजारीबाग की विभिन्न फिजिकल अकादमियों एवं उनके प्रशिक्षकों को एकजुट कर गठित डिफेंस एसोसिएशन युवाओं को शारीरिक रूप से दक्ष बनाकर रक्षा बलों में भर्ती के लिए तैयार करने का कार्य करता है। मुलाकात के दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने 13 अगस्त को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा की रूपरेखा विधायक के समक्ष रखी तथा इसे अनुशासित और ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल ने हजारीबाग में होमगार्ड की नई बहाली प्रक्रिया जल्द शुरू कराने तथा पूर्व में आयोजित होमगार्ड बहाली के लंबित परिणाम शीघ्र जारी कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी। एसोसिएशन का कहना है कि बड़ी संख्या में स्थानीय युवा लंबे समय से इसकी तैयारी कर रहे हैं और परिणाम के इंतजार में हैं। परिणाम जारी होने से अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता मिलेगी और योग्य युवाओं के लिए रोजगार का अवसर भी सुनिश्चित हो सकेगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कुमार ने कहा कि हजारीबाग की सभी फिजिकल अकादमियों के सहयोग से गठित यह संगठन युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने के साथ-साथ उनके अधिकारों और समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त की तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में युवा शामिल होकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक विवेक कुमार तिवारी ने कहा कि पूर्व में हुई होमगार्ड बहाली का परिणाम लंबे समय से लंबित रहने के कारण अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति है। उन्होंने विधायक से मामले में पहल कर जल्द परिणाम जारी कराने की दिशा में प्रयास करने का आग्रह किया।
वहीं एसोसिएशन के सचिव पंकज कुमार ने विधायक के समक्ष फिजिकल अकादमियों और प्रशिक्षकों की ओर से युवाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को रखा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधि के हस्तक्षेप से युवाओं की मांगों का सकारात्मक समाधान होगा।
विधायक ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रदीप प्रसाद ने डिफेंस एसोसिएशन की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने 13 अगस्त को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा की सराहना करते हुए इसे देशभक्ति और युवाओं की एकजुटता का सकारात्मक प्रतीक बताया तथा आयोजन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
होमगार्ड बहाली और लंबित परिणाम के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि युवाओं का हित उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं शासन एवं संबंधित उच्च अधिकारियों से इस विषय में वार्ता कर लंबित परिणाम जारी कराने तथा नई बहाली की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में आवश्यक पहल करेंगे।
इस दौरान हजारीबाग की विभिन्न फिजिकल अकादमियों के प्रशिक्षक, डिफेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। बैठक को युवाओं की समस्याओं को जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने और उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












