JPSC-JSSC छात्रों का विधानसभा मार्च हिंसक हुआ, पुलिस से झड़प के बाद लाठीचार्ज; कई छात्रों के घायल होने की सूचना
Ranchi: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का महाआंदोलन सोमवार को राजधानी रांची में तनावपूर्ण स्थिति में पहुंच गया। 24 जिलों से आए बड़ी संख्या में छात्र तिरंगा, पोस्टर और बैनर लेकर विधानसभा तक पहुंच गए। प्रशासन ने विधानसभा के पास बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया है। वहीं कुछ प्रदर्शनकारी विधानसभा परिसर के पास बैठकर धरना दे रहे हैं।
पुराने विधानसभा के पास बैरिकेडिंग पार करने के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बनी। इसके बाद पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान कुछ छात्रों के घायल होने की सूचना है। एक छात्र के सिर में चोट लगने के बाद खून निकलने लगा। साथियों ने तत्काल गमछे की मदद से उसके सिर को बांधकर प्राथमिक तौर पर खून रोकने का प्रयास किया।
कुछ जगहों पर पथराव की भी सूचना
प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना सामने आई है। इसमें कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात कही जा रही है। वहीं प्रदर्शन स्थल के आसपास पथराव की खबरों के बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर प्रदर्शनकारियों के जूते-चप्पल भी बिखरे नजर आए। प्रशासन की ओर से विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए बैरिकेडिंग मजबूत की गई है।
विधानसभा से करीब 200 मीटर पहले रुका मार्च
सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ विधानसभा मार्च अब विधानसभा भवन से लगभग 200 मीटर पहले रुक गया है। विधायक जयराम महतो भी प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच मौजूद हैं। उन्होंने छात्रों से सड़क पर बैठकर शांतिपूर्ण तरीके से धरना जारी रखने और विधानसभा के गेट के पास नहीं जाने की अपील की।
जयराम महतो ने छात्रों को समझाते हुए कहा कि वे वहीं रुकें और किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि न करें, जिससे स्थिति और बिगड़े।
वाटर कैनन का भी किया गया इस्तेमाल
छात्रों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए प्रशासन की ओर से पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया था। इसके बावजूद छात्रों का एक बड़ा समूह अलग-अलग रास्तों से आगे बढ़ता रहा।
मुख्य सड़क पर बैरिकेडिंग होने के बाद कुछ छात्र कच्चे और पहाड़ी रास्तों से होते हुए जगन्नाथपुर मंदिर की ओर पहुंचे और वहां से विधानसभा की दिशा में आगे बढ़ने का प्रयास किया। कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग को खींचकर रास्ते से हटाया।
रिफॉर्म मंच ने की शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील
JPSC-JSSC रिफॉर्म मार्च के प्रतिनिधिमंडल ने लगातार छात्रों से संयम बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल की ओर से छात्रों से कहा गया कि आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखना जरूरी है।प्रशासन की ओर से भी आंदोलनकारी प्रतिनिधियों से विधानसभा की ओर आगे नहीं बढ़ने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों को रोकने की कोशिश की, लेकिन बड़ी संख्या में मौजूद भीड़ के कारण स्थिति को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण बना रहा।
अलग-अलग अंदाज में पहुंचे प्रदर्शनकारी
आंदोलन में छात्रों का अलग-अलग अंदाज भी देखने को मिला। कुछ प्रदर्शनकारी स्पाइडरमैन और वनमानुष की वेशभूषा में पहुंचे। उनके साथ परीक्षा व्यवस्था और छात्रों की मांगों से जुड़े संदेश लिखे पोस्टर भी दिखाई दिए।वहीं कुछ प्रदर्शनकारियों के अंदाज में फिल्म ‘पुष्पा’ की झलक भी देखने को मिली। तिरंगा और पोस्टर लेकर पहुंचे छात्रों ने लगातार नारेबाजी की।फिलहाल विधानसभा के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। छात्र सड़क पर बैठकर धरना दे रहे हैं और आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील के बीच प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












