हजारीबाग झील सौंदर्यीकरण में अनियमितता का आरोप, कांग्रेस ने उच्चस्तरीय जांच और अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग
हजारीबाग:कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुरजीत नागवाला ने सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में हजारीबाग में जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए जिला प्रशासन और राज्य सरकार से कई मांगें कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में सरकारी जमीन, नदी-नालों और जलस्रोतों पर लगातार अतिक्रमण हो रहा है, जिससे पर्यावरण और जल संरक्षण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
सुरजीत नागवाला ने हजारीबाग की ऐतिहासिक झील के सौंदर्यीकरण कार्य पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 13 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से कराए गए कार्य में गुणवत्ता का अभाव है और राशि के दुरुपयोग की आशंका है। उन्होंने पूरे प्रोजेक्ट की तकनीकी एवं वित्तीय ऑडिट कराने, दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जिले में सरकारी जमीन, नदियों, नालों और तालाबों पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हो रहा है, जिससे जल स्रोत समाप्त हो रहे हैं और बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या बढ़ रही है। कांग्रेस ने सभी अंचलों में विशेष सर्वे कराकर अतिक्रमण की पहचान करने और उसे हटाने की मांग की।
प्रेस वार्ता में खास महल की जमीनों की कथित अवैध खरीद-बिक्री और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जे के मामलों का भी मुद्दा उठाया गया। नागवाला ने कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने हजारीबाग आवास बोर्ड की जमीन और मकानों पर कथित अवैध कब्जे का भी आरोप लगाते हुए कहा कि इसका भौतिक सत्यापन कर अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि वास्तविक लाभुकों को आवास उपलब्ध कराया जा सके।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि हजारीबाग नगर निगम के 140 मामलों की अब तक रसीद नहीं काटी गई है। उन्होंने इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
प्रेस वार्ता में जिला प्रवक्ता मनोज नारायण भगत, इंटक प्रदेश सचिव धीरज सिंह, बरकट्ठा विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी अशोक देव, कांग्रेस ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजय प्रजापति, सहकारिता जिला अध्यक्ष कृष्ण किशोर प्रसाद, इंटक नेता परमेश्वर कुमार, राजेश प्रजापति, सुनील चंद्रवंशी, मनजीत सिंह, अरुण कुमार सिन्हा, अमित सिन्हा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Ashish Yadav
खबर वही जो सबको रखे आगे












