बड़कागांव पुलिस की बड़ी सफलता: टीपीसी के नाम पर लेवी मांगने वाला आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार, भेजा गया जेल
बड़कागांव:-बड़कागांव थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकरी बरवाडीह कोल माइंस से बानादाग रेलवे साइडिंग तक कोयला परिवहन करने वाले ट्रांसपोर्टर से टीपीसी के नाम पर लेवी मांगने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी के पास से एक हथियार, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन तथा टीपीसी के नाम का एक पर्चा भी बरामद किया गया है।
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्टर द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि अलग-अलग मोबाइल नंबरों से स्वयं को टीपीसी का सदस्य बताते हुए लेवी की मांग की जा रही थी। कभी जोनल कमांडर पालटा तो कभी मनमोहन के नाम का हवाला देकर पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही थी।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और लगातार निगरानी के बाद कांडतरी गांव निवासी प्रवीण कुमार (22 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने टीपीसी से जुड़ाव की बात स्वीकार की। इसके बाद बड़कागांव थाना कांड संख्या 123/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं सीएलए एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, एक हथियार और टीपीसी के नाम का पर्चा भी जब्त किया है।
बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से अपराधियों में भय का माहौल बना है तथा लेवी जैसी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।


