राहुल दुबे गैंग पर हजारीबाग पुलिस का बड़ा प्रहार, दो शातिर गिरफ्तार; पिस्टल, गोली और स्कॉर्पियो जब्त
हजारीबाग:-हजारीबाग पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिद्दी थाना क्षेत्र से गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक देशी लोडेड पिस्टल, दो जिंदा गोलियां, दो मैगजीन, दो मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई की रात पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद स्कॉर्पियो (JH-10AR-8705) से हथियारबंद अपराधी गिद्दी से मांडू होते हुए हजारीबाग की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। कनकी मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित सिंह उर्फ कुणाल (19) और भोला उर्फ ओम प्रकाश पाल (34) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने खुद को राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य बताते हुए लूट, रंगदारी वसूली और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग जैसी वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने बताया कि मोहित सिंह का नाम पहले भी उरीमारी थाना क्षेत्र में विस्थापित नेता दशई मांझी के घर फायरिंग, जनवरी 2026 में हथियार के साथ गिरफ्तारी और 2 जून 2026 को गिद्दी सीसीएल चेकपोस्ट फायरिंग मामले में सामने आ चुका है।
इस संबंध में गिद्दी थाना कांड संख्या 17/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।


