पत्थलगडा पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 13 लाख की अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
थाना प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई, 2.567 किलोग्राम अफीम और बाइक जब्त
पत्थलगडा (चतरा):-जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पत्थलगडा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने सिरकोल क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 13 लाख रुपये मूल्य की 2.567 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष मुंडा, निवासी बड़कीटांड खैरा, थाना पत्थलगडा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अफीम की खेप लेकर पत्थलगडा के रास्ते गिद्धौर की ओर जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने सिरकोल इलाके में वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 2.567 किलोग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ती पुलिस कार्रवाई से मादक पदार्थों के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में पत्थलगडा पुलिस लगातार सक्रिय अभियान चलाकर अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है। उनकी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है।
एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी राकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुमार, प्रदीप कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
Author: Rashtriy Samachar
खबर वही जो सबको रखे आगे












